सूर्य देव ने नहीं दिए दर्शन, शीतलहर ने बढ़ाई गलन
– सुबह धरती पर रही कोहरे की चादर, आग के सहारे कटा दिन
– मार्गों पर शाम होते ही पसर गया सन्नाटा
फोटो परिचय-कोहरे की धुंध के बीच आती ट्रेन।
मो. ज़र्रेयाब खान अजरा न्यूज़ फतेहपुर। सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली और ठण्ड में इजाफा हो गया। सुबह से ही धरती पर कोहरे की चादर रही। जिससे लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। पूरा दिन सूर्य देव ने दर्शन भी नहीं दिए और शीतलहर ने सोने पर सुहागा वाला काम किया। जिससे लोग अपने आपको गर्म कपड़ों से बचाए नजर आए। पूरा दिन आग के सहारे कटा।
बताते चलें कि नए साल के साथ ही ठण्ड में इजाफा हो गया था, लेकिन बीते सप्ताह मौसम में परिवर्तन आया और धूप तेज निकलनी शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे मकर संक्रांति का पर्व नजदीक आया एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। बीते दिन हुई रिमझिम बारिश के कारण ठण्ड वापस लौट आई और सोमवार की सुबह धरती पर कोहरे की चादर रही। सुबह साढ़े दस बजे कोहरा तो छट गया लेकिन धूप के दर्शन नही हुए। उधर शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ाने का काम किया। धूप न निकले व शीतलहर चलने से लोग अपने शरीर को गर्म कपड़ो से ढके नजर आए। बाजार की बात की जाए तो पूरा दिन सन्नाटे जैसा माहौल रहा। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। सिर्फ और सिर्फ गर्म कपड़ों व हीटर की बिक्री होती दिखाई दी। मौसम विभाग की माने तो अभी ठण्ड बरकरार रहेगी। दो दिनों तक घना कोहरा व शीतलहर का चलना जारी रहेगा।
इनसेट-
पशु-पक्षी भी बेहाल
फतेहपुर। वर्तमान समय में पड़ रही भीषण ठण्ड व शीतलहर चलने से पशु व पक्षी भी बेहाल है। कुदरत के निजाम के आगे सभी लाचार हैं। चिड़ियों की चहचहाट भी अब उतनी सुनाई नहीं दे रही है। ठण्ड के चलते आवारा पशु भी सड़कों पर कम नजर आ रहे हैं।
इनसेट-
ट्रेनों की लेट-लतीफी जारी
फतेहपुर। कई राज्यों में हो रही बर्फवारी व घने कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार में कमी आई है। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर कई-कई घण्टा ट्रेने देरी से पहुंच रही हैं। जिससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत चलने वाली शीतलहर से हो रही है। प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री ठण्ड के बीच अपने आपको रजाई, कंबल से ढके हुए दिखाई दिए।