दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ‘महाकुंभ’ का शुभारंभ, आज 1 करोड़ श्रद्धालु लगाएंगे संगम में डुबकी

आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का अद्वितीय संगम, महाकुंभ 2025 का आज से प्रयागराज में शुभारंभ हो चुका है। आज पौष पूर्णिमा पर पहला स्नान होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज पहले शाही स्नान में 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाएंगे। श्रद्धालुओं के अंदर आज के स्नान को लेकर इतनी उत्सुकता थी कि कई श्रद्धालु रात से ही संगम में स्नान करना शुरू कर चुके हैं।
लगभग 45 दिन तक चलने वाले इस पूरे महापर्व में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। श्रद्धालुओं में देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। श्रद्धालु अलग-अलग प्रमुख स्नान पर्वों पर संगम में डुबकी लगाएंगे, जिनमें मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा आदि शामिल हैं।
चारों ओर कड़ी सुरक्षा, प्रशासन की पूरी तैयारी
महाकुंभ 2025 को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। लगभग 7,000 करोड़ रुपये की लागत से प्रयागराज में आधारभूत ढांचे का विकास किया गया है। कुंभ क्षेत्र को छह जोन और 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा को देखते हुए 60 हजार जवानों को सुरक्षा व्यवस्था संभालने में लगाया गया है। पुलिस कर्मी स्पीकर से लाखों की संख्या में आई भीड़ को मैनेज कर रहे हैं। जगह-जगह कमांडो और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात हैं।
संगम नोज समेत करीब 12 किमी एरिया में स्नान घाट बनाया गया है। संगम पर एंट्री के सभी रास्तों में भक्तों की भीड़ है। महाकुंभ में वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। इसके चलते श्रद्धालु 10-12 किलोमीटर पैदल चलकर संगम पहुंच रहे हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। इसकी शुरुआत पौष पूर्णिमा स्नान पर्व यानी आज से होगी। इसके बाद मकर संक्रांति पर होने वाले अमृत स्नान के दौरान भी पुष्प वर्षा होगी। स्वास्थ्य सेवाओं के देखते हुए 50 से अधिक अस्थायी अस्पताल, 500 एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात की गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *