सीएम के पुतला दहन की आशंका पर हिरासत में लिए गए सपाई

  सीएम के पुतला दहन की आशंका पर हिरासत में लिए गए सपाई
– चौराहे बने रहे छावनी, चप्पे चप्पे पर खाकी रही मुस्तैद
– राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान करने वाले भाजपाइयों पर कार्रवाई की मांग
– देर शाम पुलिस हिरासत से सपाइयों को मिली आज़ादी
फोटो परिचय- पुलिस लाइन में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सपाई।
फतेहपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अपमान पर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा सीएम के पुतला दहन की अफवाह पर पुलिस ने दर्जनों सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। देर शाम पुलिस हिरासत से सपाइयों को रिहा किया गया। सीएम के पुतला दहन की सूचना पर जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। पटेलनगर चौराहा समेत अन्य चौराहों को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया व अन्य जगह भी भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस लाइन में ही सपा कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भेजकर सपा प्रमुख का अपमान करने व पुतला फूंकने वाले भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग किया।
गुरुवार को सपा यूथ ब्रिगेड द्वारा पूर्व सीएम व सपा प्रमुख का पुतला दहन करने वाले भाजपाइयों पर कार्रवाई के लिए डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन दिए जाने का कार्यक्रम था। इस बीच खूफिया विभाग को सपा कार्यकर्ताओं द्वारा सीएम के पुतला फूंकने की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन एलर्ट मोड़ पर आ गया। पुलिस ने बुधवार की देर रात्रि यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष अमित मौर्या समेत अन्य सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले आयी। इसी तरह बिंदकी व खागा तहसील में भी सपा नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्या, नगर पालिका चेयरमैन राजकुमार मौर्या, सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव समेत सपा के अन्य बड़े नेताओ में घरों में नज़रबंद करके घरों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस हिरासत में लिये गये विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं को शाम पांच बजे रिहा किया गया। इस बीच सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस लाइन में उप जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भेजकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंकने व अपमान करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग किया। सपा कार्यकर्ताओं का कहना रहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंकने व अपमान किए जाने से सपा कार्यकर्ता आहत हैं। अपमान का विरोध जताने के लिए सपा कार्यकर्ता राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट जा रहे थे। तभी पुलिस उन्हे हिरासत में लेकर कोतवाली ले आयी जहां से उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग बताया। इस मौके पर जिला महामंत्री चौधरी मंज़र यार, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मो आज़म खान, सत्यम द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष युवजन सभा प्रतियोग प्रताप सिंह, आशीष अग्निहोत्री, मनीष दिवाकर, श्याम नंद मौर्या, आशु सोनकर, ओवैस फारूकी, अरुण सोनकर टोनू, सुहैल अहमद हेमू, समद, वकार अहमद आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *