नई दिल्ली : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पूरी कैबिनेट के साथ चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। केजरीवाल ने पंजाब के अपने नेताओं की यह बैठक पार्टी की राज्य इकाई में बढ़ते आंतरिक असंतोष की चर्चा के बीच बुलाई है।
आज सुबह 11 बजे से दिल्ली के कपूरथला हाउस में केजरीवाल, भगवंत मान, उनके मंत्रियों और पंजाब के सभी विधायकों सांसदों के साथ मीटिंग करेंगे। विपक्षी दलों- कांग्रेस और बीजेपी ने दावा किया है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल, भगवंत मान को पंजाब सीएम के पद से हटाने की तैयारी कर रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल ने पंजाब के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों की यह बैठक दिल्ली विधानसभा चुनावों पर चर्चा करने और उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिए बुलाई है। क्योंकि इन नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी उम्मीदवारों के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया था। पंजाब के सीएम भगवंत मान, उनकी कैबिनेट के मंत्री, सांसद, विधायक और AAP की राज्य इकाई के पदाधिकारियों सहित 200 से अधिक नेता चुनाव प्रचार के लिए हफ्तों तक दिल्ली में डेरा डाले हुए थे।
आम आदमी पार्टी इसे भले ही संगठनात्मक बैठक बता रही हो, लेकिन इसने पंजाब में चुनावी वादों को पूरा करने में विफलता और केजरीवाल और मान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर पार्टी में अशांति की अटकलें तेज कर दीं। कांग्रेस का आरोप है कि पंजाब का शासन भगवंत मान नहीं, बल्कि दिल्ली में बैठे अरविंद केजरीवाल चला रहे हैं। इधर, भाजपा नेता तरुण चुघ ने दावा किया है कि पंजाब में मान सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
पंजाब में कैबिनेट बैठक स्थगित कर दिल्ली पहुंचे AAP विधायक, अरविंद केजरीवाल के साथ आज होगी मीटिंग
