दिग्गज कांग्रेसियों को जिलाध्यक्ष पद पर मिल सकती है तरजीह

  दिग्गज कांग्रेसियों को जिलाध्यक्ष पद पर मिल सकती है तरजीह
– सामाजिक न्याय का फार्मूला या ब्राह्मण-मुस्लिम कार्ड चलेगी पार्टी
– 2027 के चुनाव पर आलाकमान की टिकी निगाहें

फतेहपुर। कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्रदेश की सभी फ्रंटल इकाइयों को भंग किये जाने के बाद जनपद में एक बार फिर से कांग्रेस जिलाध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट तेज़ हो गई है। पार्टी के अंदर लगभग एक दर्जन से अधिक लोग जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदार नज़र आ रहे है। दस जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष अजय रॉय, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय एव बुंदेलखंड प्रभारी नीलांशु चतुर्वेदी द्वारा जनपद के कांग्रेसियों को प्रदेश की राजधानी लखनऊ बुलाया गया है। ऐसे मे सभी की निगाहें आलाकमान के निर्णय पर टिकी हुई है।
पार्टी के विश्वस्त सूत्रों की माने तो आलाकमान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से रणनीति तय करने में जुटा हुआ है जिसके लिए सामाजिक न्याय के फार्मूले के तहत सभी जातियों को साधने के लिए प्रतिनिधित्व दिए जाने की रणनीति भी बना चुका है। जनपद से जिलाध्यक्ष बनने की रेस में शामिल लोगो के अलावा पीसीसी सदस्यों एव निवर्तमान जिला व शहर अध्यक्षो को बुलाया गया है जहां उनका साक्षात्कार लेने के साथ ही उनके सुझाव भी लिए जायेंगे। वहीं जनपद से अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे लोगों में निवर्तमान जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह चैहान के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसियों में ब्राह्मण चेहरों में ब्रजेश मिश्रा, पंडित रामनरेश महाराज, सुरेश तिवारी, शिवकांत तिवारी, सुधाकर अवस्थी एससी एसटी कोटे से ओम प्रकाश गिहार, मुस्लिम दावेदारों में निवर्तमान शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा, खागा नगर अध्यक्ष रहे कलीम उल्ला, पूर्व सदर शहर अध्यक्ष एवं सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मोहसिन खान का नाम शामिल है जबकि ओबीसी चेहरे के रूप में संदीप साहू प्रमुख दावेदार हो सकते हैं। आलाकमान दावेदारों के बायोडाटा लेने के साथ ही पार्टी के प्रति उनका समर्पण भावना एव पूर्व के कार्यक्रमों में भागीदारी आदि को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। पूर्व में हुए चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को विधानसभावार मिले वोट को भी आधार के अलावा हाल फिलहाल हुए चुनाव में पार्टी की ओर से भागीदारी अदा करने को भी तमाम दावेदार अहम बता रहे है। 2027 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आलाकमान की तरफ से बिठाए जा रही बिसात में पार्टी ब्राह्मण मुस्लिम के अलावा समाजिक न्याय के तहत दलित, मुस्लिम ओबीसी गबंधन को एक बार फिर से मजबूत बनाने की तैयारी में हैं। पूर्व मे कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष के तौर पर प्रेम नारायण मिश्रा,राम प्यारे पांडेय, रामचन्द्र शुक्ला, रियाज़ अहमद खान, महेश द्विवेदी, पूर्व विधायक अमरनाथ सिंह अनिल, अखिलेश पाण्डेय एवं श्रवण कुमार गौड़ कार्यवाहक अध्यक्ष के तौर पर कमान संभाल चुके है। कांग्रेस पार्टी की इस बार की चाक चैबंद व्यवस्था से क्या नतीजा निकलेगा यह तो आने वाला समय ही तय करेगा लेकिन पार्टी विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन से पूर्व सभी जरूरी होमवर्क ज़रूर पूरा करना चाहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *